गाजीपुर- गाजीपुर में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान स्वाट और कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने कैथवलिया पुलिया के पास घेराबंदी कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मध्य प्रदेश के खंडवा और बुरहानपुर से अवैध असलहों की खेप लेकर गाजीपुर पहुंचे थे और यहां इसकी डिलीवरी करने वाले थे।
पुलिस ने आरोपितों के पास से 19 पिस्टल, 19 देशी तमंचे और 18 कारतूस बरामद किए। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन, 900 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल भी पुलिस के हाथ लगी है। बरामद हथियारों की कुल संख्या 38 बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध असलहों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार रात पुलिस को सूचना मिली कि कैथवलिया पुलिया के पास हथियारों की खेप पहुंचने वाली है। सूचना के आधार पर स्वाट टीम प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह और अपराध निरीक्षक देवेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी।
कुछ देर बाद वहां एक मोटरसाइकिल के पास तीन युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही उन्होंने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पहले से की गई घेराबंदी के चलते तीनों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपी गाजीपुर जिले के ही रहने वाले हैं और अंतरराज्यीय शस्त्र तस्करी से जुड़े हुए हैं। पूछताछ के दौरान मामले में दो अन्य आरोपितों की संलिप्तता की जानकारी सामने आई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

