देवरिया। अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सलेमपुर पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। मझौलीराज पुलिस चौकी के सामने चेकिंग के दौरान पुलिस ने सेब के कैरेट में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही 240.2 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की। पुलिस ने ऑटो सवार चार महिलाओं समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, छह सितंबर को मझौलीराज चौकी के सामने बैरिकेडिंग लगाकर संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान काले रंग के तीन पहिया ऑटो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सेब के कैरेट के बीच शराब और बीयर छिपाकर रखी मिली।
पुलिस ने ऑटो से 8 पीएम के 290 पाउच बरामद किए, जिनकी कुल मात्रा 52.20 लीटर है। इसके अलावा ऑफिसर्स च्वाइस के 50 पाउच से नौ लीटर शराब, किंगफिशर बीयर के 332 केन से 166 लीटर और बडवाइजर बीयर के 26 केन से 13 लीटर बीयर बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पूजा देवी (43), ललिता देवी (47), मीरा देवी (45), पूनम देवी (50) और पिंकू कुमार (25) के रूप में हुई है। सभी बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने मामले में सलेमपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 298/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों में शामिल मीरा देवी के खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे बिहार में किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

