गाजियाबाद। ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने और गरीब बच्चों की मदद करने का भरोसा देकर एक फार्मासिस्ट से 13.16 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले पीड़ित से संपर्क कर उसका विश्वास जीता और फिर निवेश के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम ट्रांसफर करा ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंदिरापुरम के ज्ञानखंड-1 निवासी शिवम चौधरी फार्मासिस्ट हैं। उनके वॉट्सऐप पर पिछले साल फरवरी में लियोनार्डो फेरेरा नाम से एक संदेश आया था। बातचीत के दौरान आरोपी ने गरीब बच्चों की मदद करने की बात कही, जिससे शिवम को उस पर भरोसा हो गया।
इसके बाद आरोपी ने उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के जरिए अच्छा मुनाफा कमाने का लालच दिया। साथ ही गरीब बच्चों की सहायता करने में सहयोग का भरोसा भी दिलाया। आरोपी की बातों में आकर शिवम ने बताए गए बैंक खाते में पैसे भेजने शुरू कर दिए।
शिकायत के मुताबिक, शिवम ने पिछले साल 1 मार्च से 22 मार्च के बीच कुल 13 बार में 13.16 लाख रुपये ट्रांसफर किए। यह रकम कोटक महिंद्रा बैंक के खाते से लाभार्थी के खाते में भेजी गई थी। इस दौरान एक बार में सबसे अधिक 2.85 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।
बाद में शिवम को अपने साथ धोखाधड़ी होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

